यूपी सरकार ने रिंकू सिंह को बनाया BSA, जानें कितनी मिलेगी सैलरी व अन्य सुविधाएं?

अलीगढ़। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह पिछले कई महीनों से चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में सपा सांसद प्रिया सरोज से लखनऊ के फाइव स्टार होटल में उनक सगाई हुई। अब यूपी सरकार ने रिंकू सिंह को BSA (बेसिक शिक्षा अधिकारी) पद पर नियुक्त करने का फैसला लिया है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यूपी में BSA ग्रुप ए का गजटेड पद है। यह नौकरी सातवें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल 10 के तहत आती है। शुरुआती सैलरी और भत्ते आकर्षक हैं। भत्ते वगैरह मिलाकर रिंकू सिंह को 70 से 90 हजार रुपये की बीच की सैलरी मिल सकती है। मूल वेतन का 46 प्रतिशत महंगाई भत्ते के रूप में मिलेगा।
सरकारी मकान भी मिलेगा
ए ग्रेड का अधिकारी होने के नाते रिंकू सिंह को सरकारी मकान भी मिलेगा। अगर मकान नहीं मिलता है तो उनको HRA के तहत अतिरिक्त पैसा मिलेगा। इसके अलावा मेडिकल सुविधा, ट्रेवेल अलाउंस आदि की सुविधा भी रहेगी। रिटायरमेंट के बाद पेंशन और ग्रेच्युटी की सुविधा भी मिलेगी।
नेटवर्थ 9 करोड़ रुपये
गौरतलब है कि रिंकू सिंह इस समय टी20 भारतीय टीम में हैं। इसके अलावा वह KKR की तरफ से आईपीएल खेलते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिंकू सिंह की नेटवर्थ 8 से 9 करोड़ रुपये है। KKR ने उनको 13 करोड़ की मोटी रकम देकर टीम में शामिल किया है।
3 करोड़ में बनवाया शानदार घर
रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज मछलीशहर से सपा सांसद हैं। उनके पिता तूफानी सरोज भी पूर्व सांसद और विधायक हैं। प्रिया संपत्ति के मामले में रिंकू सिंह से काफी पीछे हैं।
चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास केवल 12 लाख की संपत्ति है। उनके नाम पर कोई जमीन और घर नहीं है। दूसरी ओर, रिंकू सिंह ने हाल ही में तीन करोड़ रुपये में नया घर खरीदा है।
