शर्मसार कर देने वाली वारदात, बहू की हत्या कर शव को गली में दफनाया

फरीदाबाद : इस साल आपने कई ऐसी खबरें सुनी होंगी, जिनमें अपनों ने ही रिश्तों की बेरहमी से हत्या की। कभी सौरभ-मुस्कान की कहानी तो कभी सोनम और राजा रघुवंशी की। लेकिन फरीदाबाद से जो मामला सामने आया है, वह दिल दहला देने वाला है। यहां एक लड़की की हत्या कर उसका शव उसी गली में 10 फीट नीचे दफना दिया गया, जहां से ससुराल वाले रोज गुजरते थे।
ये दर्दनाक कहानी है तनु की, जिसकी दो साल पहले फरीदाबाद के रोशन नगर में रहने वाले अरुण से शादी हुई थी। तनु उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद की रहने वाली थी। तनु के परिवार वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। वे लगातार सोने के गहनों और पैसों की मांग करते थे।
पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से गली में खुदाई कर तनु का शव बरामद किया है। बताया जा रहा है कि ससुराल वालों ने ही उसकी हत्या की और शव को गली में दफना दिया। पुलिस ने शव को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
तनु की बहन प्रीति ने बताया कि तनु की शादी के एक साल बाद तक वह अपने मायके में रही क्योंकि ससुराल में उसे बहुत टॉर्चर किया जाता था। उसे फोन पर बात भी नहीं करने दी जाती थी। करीब दो महीने पहले ससुराल वालों ने कहा कि तनु घर से भाग गई है, तब परिवार वालों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को जानकारी दी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद लगातार कोशिशों के बाद पुलिस हरकत में आई और बीती रात उन्हें सूचना दी गई कि फरीदाबाद आ जाएं। वहां पहुंचने पर जेसीबी से गली में खुदाई कर तनु का शव निकाला गया। जिस जगह शव दबाया गया था, वहीं के पड़ोसियों ने बताया कि दो महीने पहले तनु के ससुर ने वहां खुदाई करवाकर कहा था कि गंदे पानी के निकास के लिए गड्ढा बनाया जा रहा है। फिर कुछ दिन बाद उन्होंने कहना शुरू किया कि बहू घर से भाग गई है। इससे आसपास के लोगों को भी शक हुआ।
इस मामले में डीसीपी सेंट्रल ऊषा कुंडू ने बताया कि उन्हें एक हफ्ते पहले शिकायत मिली थी, जिस पर जांच के बाद पुलिस ने शव बरामद किया है। आरोपी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह मामला फिर एक बार सवाल खड़े करता है क्या आज भी बेटियां अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हैं?
