Facebook Twitter Instagram youtube youtube

लखनऊ: सेवानिवृत्त न्यायाधीश के रसोइए की आत्महत्या से सनसनी

 लखनऊ: सेवानिवृत्त न्यायाधीश के रसोइए की आत्महत्या से सनसनी
Spread the love

लखनऊ: बड़ी खबर लखनऊ से है जहाँ हज़रतगंज इलाके में विडियो बनाकर एक युवक ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिवार ने अलीगंज इलाके में रहने वाले रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। युवक की पत्नी ने रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

इस पूरे वारदात के समय महेश ने कुत्‍ते के गले में बांधने वाले पट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद कविता जब घर पहुंची तो महेश को फंदे से लटकता देख उनकी चीख निकल गई। आस पास के लोगों की मदद से महेश को फंदे से उतारकर आनन फानन सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

महेश की पत्नी कविता ने एक बयान में बताया कि रिटायर्ड जज के घर से होली से पहले साढ़े छह लाख रुपये चोरी हो गए थे। जिसका इलज़ाम उन्होंने महेश पर लगाया था। होली के दिन रिटायर्ड जज की पत्नी ने कॉल कर महेश को घर बुलाया था। शराब के नशे में होने की वजह से महेश उनके घर नहीं गया।

इस पर 17 मार्च को रिटायर्ड जज महेश को लेने उसके घर पहुंचे और महेश और उसकी पत्नी कविता को अपने साथ ले गए। रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी ने महेश को रोक लिया, लेकिन कविता को घर भेज दिया। देर रात महेश न लौटने पर बहन शांति और परिवार जन रिटायर्ड जज के घर पहुंच गए।

शांति के मुताबिक अनिल ने बताया कि महेश उनके घर में नहीं है जिसके बाद परिवारजन लौट आए। अगले दिन सुबह पीड़ित परिवारजन अलीगंज थाने पहुंचे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने भी महेश की जानकारी न होने पर उन्हें लौटा दिया। जिसके बार महेश के परिवार जान दोबारा जज के घर पहुंचे। शांति के मुताबिक़ रिटायर्ड जज के घर के बगल में बनी कोठरी में महेश था, उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। आरोप है कि महेश की पिटाई की गई थी। इसके बाद से रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी कॉल कर महेश को प्रताड़ित करने लगे। शांति का आरोप है कि इस दौरान रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी ने महेश से जेवर और करीब डेढ़ लाख रुपये ले लिए। मंगलवार की शाम रिटायर्ड जज की पत्नी ने महेश को कॉल कर डेढ़ लाख रुपये और मांगे थे। जिसके कारण महेश परेशान था।

थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि महेश की पत्नी कविता की तहरीर पर आरोपित रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में छानबीन की जा रही है। पत्नी कविता ने बताया कि महेश रिटायर्ड जज की पत्नी वंदना को मम्मी कहता था। आत्महत्या करने से पूर्व महेश ने मोबाइल के जरिए विडियो बनाया था, जिसमें उसने कहा कि मम्मी आज के बाद आपसे नहीं मिलेंगे, आज सूइसाइड करने जा रहे हैं। इसके अलावा महेश ने वंदना के मोबाइल पर सूइसाइड नोट भेजा था, जिसमें उसने लिखा कि मम्मी जी आपको लगता है कि मैंने रुपये चोरी किए हैं, यह हरकत राहुल की है। यह बात अमित भी जानता है। राहुल ने हम दोनों को दो हजार रुपये दिए थे। उसने कितने रुपये चोरी किए थे, इसकी जानकारी मुझे नहीं थी।

बहन शांति ने बताया कि गोसाईंगंज के अर्जुनगंज में उनका पुश्तैनी मकान है। आरोप है कि रिटायर्ड जज ने रुपये वसूली के लिए मकान की रजिस्ट्री ले ली है। पीड़िता के मुताबिक रिटायर्ड जज पुश्तैनी मकान बेचने का दबाव बना रहे थे और बिक्री के रुपये से चोरी के पैसों की भरपाई करने के लिए कहा था। रुपये को लेकर रिटायर्ड जज पूरे परिवार को प्रताड़ित कर रहा था।

पीड़िता ने बताया कि रिटायर्ड जज ने महेश को सरकारी नौकरी लगवाने का दावा किया था। नौकरी की लालच में महेश उनके घर में काम करता रहा। उन्होंने बताया कि पिता विकलांग हैं, बड़ा भाई बीमारी से ग्रस्त है। महेश अकेला घर में कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्चा उठाना मुश्किल हो जाएगा।

 

 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *