यूपी के हर विधानसभा क्षेत्र में 10 नई सड़कें, पीडब्ल्यूडी ने तैयार की योजना
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण को लेकर बड़ी योजना तैयार की गई है। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में 10 नई सड़कें बनाई जाएंगी, जिनकी लंबाई डेढ़ से दो किलोमीटर तक होगी। इन परियोजनाओं पर गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी मिलने की संभावना है। मानसून सीजन के बाद युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
विधानसभा क्षेत्रवार कार्ययोजना
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली है।
- हर विधानसभा क्षेत्र में 50-55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
- इसमें चल रहे कार्य, नए कार्य और छोटे पुल (माइनर ब्रिज) शामिल हैं।
- चालू वित्त वर्ष 2024-25 में पीडब्ल्यूडी का कुल बजट करीब 33,000 करोड़ रुपये है।
- इसमें 40% राशि चालू कार्यों पर
- 60% राशि नए कार्यों पर खर्च होगी।
ब्रिज और सड़क निर्माण
- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5 करोड़ रुपये तक की लागत वाले तीन माइनर ब्रिज बनाए जाएंगे।
- अगर बजट में संभव हुआ तो तीन से ज्यादा पुल भी बनाए जा सकते हैं।
- नई सड़कों के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान होगा।
- ग्रामीण सड़कों की लागत 50-55 लाख रुपये प्रति किलोमीटर है।
- इस हिसाब से एक विधानसभा क्षेत्र में 18-20 किलोमीटर तक नई सड़कें बनाई जा सकेंगी।
बड़े कामों का टाइम फ्रेम
- 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले प्रोजेक्ट 18 से 24 महीने में पूरे किए जाएंगे।
- छोटी परियोजनाओं को चालू वित्त वर्ष में ही पूरा करने का लक्ष्य है।
45 हजार करोड़ के प्रस्ताव
पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ने विधानसभा क्षेत्रवार नए कामों के प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं।
- नए कामों पर लगभग 15 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
- नियम के अनुसार प्रस्तावित कामों की राशि उसकी तीन गुना तक हो सकती है।
- अभी तक करीब 45 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए जा चुके हैं।



