महाराष्ट्र में भारी बारिश से हाहाकार, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, IMD का अलर्ट

मुंबई : महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों – नासिक, सांगली, कोल्हापुर, पंढरपुर, गढ़चिरौली और मुंबई में हालात बिगड़ चुके हैं। नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
नासिक: गंगापुर बांध से छोड़ा गया पानी
नासिक और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। गंगापुर बांध पूरा भर जाने के बाद कादवा नदी में पानी छोड़ा गया, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। तेज बहाव के कारण नदी का पानी शहर के कुछ हिस्सों और मंदिरों तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि नदी का पानी उफान पर है और लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।
सांगली: कृष्णा नदी डेंजर मार्क पर
सांगली जिले में भी बारिश आफत बनकर टूटी है। कृष्णा नदी का जलस्तर डेंजर मार्क तक पहुंच चुका है। ड्रोन शॉट्स में साफ दिख रहा है कि नदी का पानी खतरे के स्तर से थोड़ा ही नीचे है। अगर बारिश यूं ही जारी रही तो नदी का पानी कई और इलाकों में घुस सकता है।
कोल्हापुर: सड़कें बंद, बांध के गेट खोले गए
कोल्हापुर में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया है। बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कोल्हापुर–रत्नागिरी और कोल्हापुर–गगनबावड़ा जाने वाली सड़कें बंद कर दी हैं। वहीं, राधानगरी बांध के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
पंढरपुर: 125 परिवारों को किया गया रेस्क्यू
पंढरपुर में भी स्थिति गंभीर हो गई है। भीमा नदी चेतावनी स्तर पार कर गई है। इसका असर अंबिका नगर की बस्तियों पर पड़ा है, जहां पानी झुग्गियों में घुस गया। स्थानीय प्रशासन ने हालात बिगड़ते देख 125 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
गढ़चिरौली: तेज बहाव में बहा शख्स
गढ़चिरौली में बारिश से आई बाढ़ ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कुरखेड़ा तालुका के सोनेरंगी इलाके में कढोली नाले का पानी उफान पर आ गया, जिसमें 60 वर्षीय हरिदास बावनथड़े बह गए। हालांकि, उन्होंने एक पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाई। इलाके में कई सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है।
मुंबई: जलजमाव से थमी रफ्तार
राजधानी मुंबई भी भारी बारिश से बेहाल है। शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित हुई और प्रशासन को स्कूल–कॉलेज बंद करने पड़े। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक मुंबई में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।