ASP के एक महिला से करीबी संबंध, इसलिए लगवाया था CCTV कैमरा; भाई ने लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ। लखनऊ में CID में तैनात ASP की पत्नी ने बुधवार को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। लखनऊ पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में उनका शव पंखे से लटका मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, साथ ही जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि महिला के खुदकुशी करने की वारदात कैमरे में कैद हो गई है। महिला काफी समय से डिप्रेशन में थीं। उनका इलाज भी चल रहा था। वहीं, मृतक के भाई ने एएसपी पर दूसरी महिला से नजदीकियों का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को लखनऊ में CID में तैनात ASP मुकेश प्रताप सिंह की पत्नी नितेश सिंह (38) ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। वह लखनऊ पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में परिवार के साथ रहती थीं।
भाई ने की कॉल डिटेल और चैट की जांच की मांग
नितेश सिंह के भाई और फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार का आरोप है कि ASP ने उनसे कहा था कि अब घर में सीसीटीवी लगा लिया है। अगर ये मर भी जाएगी तो भी मेरा कुछ नहीं होगा।
प्रमोद ने ASP के महिला से करीबी संबंध को लेकर पुलिस से कॉल डिटेल और व्हॉट्सएप चैट की जांच की मांग की है। प्रमोद का कहना है कि उनकी बहन ने कई बार पति को दूसरी महिला से बात करते पकड़ा था। बहन के लखनऊ आने के बाद से ASP उसी से घर का सारा काम करवा रहे थे।
हर बात की करते थे रिकॉर्डिंग
मायके पक्ष का आरोप है कि नितेश को परेशान करने के लिए ASP हर बात की रिकॉर्डिंग करते थे। तीन साल पहले भी दंपती में काफी विवाद हुआ था। तब ASP ने तलाक देने की धमकी दी थी। बाद में दोनों परिवारों ने बातचीत कर मामला शांत करा दिया था। कुछ दिन पहले ASP ने अंतिम मौका देकर पत्नी को साथ में रखने की बात कही थी।
मुकेश ने ही पुलिस को दी जानकारी
मुकेश 2005 बैच के डिप्टी एसपी हैं। उन्होंने ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। ADCP ममता रानी के मुताबिक नितेश डिप्रेशन में थीं। उनका काफी समय से इलाज भी चल रहा था। CCTV कैमरे में नितेश फंदा लगाते नजर आई हैं। पूरी घटना कैमरे में कैद है।
तकिया से बेटे को मारने का किया था प्रयास
ASP के भाई हमीरपुर में तहसीलदार अभिनव चंद्रा के मुताबिक नितेश 2012 से बीमार थीं। उनका आरोप है कि मंगलवार को नितेश ने ऑटिज्म पीड़ित बेटे को तकिया से मुंह दबाकर मारने की कोशिश की थी। इसका वीडियो भी है। मामले की जानकारी होने पर मुकेश ने बेटे को इटावा भेज दिया था, जिससे वह परेशान थीं।
दो बार के विधायक हैं नितेश के पिता
बेटी की मौत की खबर सुनकर नितेश के पिता राकेश बाबू परिवार के साथ लखनऊ पहुंचे। राकेश बाबू बसपा से 2007 से 2017 तक फिरोजाबाद नगला करन सिंह विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। अभी वह भाजपा में हैं। घटना की जानकारी पाकर संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था बब्लू कुमार घटनास्थल पहुंचे और छानबीन की।
उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। देर रात जिलाधिकारी की अनुमति से पुलिस ने नितेश के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया। पूर्व विधायक राकेश बाबू की सबसे छोटी नीतेश कुमारी की शादी नवंबर 2012 में इटावा के भीमनगर निवासी डिप्टी एसपी मुकेश प्रताप से हुई थी। वह वर्तमान में लखनऊ सीबीसीआईडी में एएसपी हैं।
अभी सवा वर्ष का है एक बेटा
तीन बच्चे 12 वर्षीय अनन्या और अनिकेत जुड़वा हैं। जबकि एक बेटा अभी सवा वर्ष का है। पूर्व विधायक का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ित किया जाता था।
मंगलवार शाम को बेटी ने फोन पर मारपीट की सूचना दी थी। इस पर बेटी ने बुलाया था। घटना की जानकारी होने पर पूर्व विधायक बुधवार दोपहर में छोटे बेटे प्रमोद, व अन्य रिश्तेदारों के साथ लखनऊ के लिए निकले थे।
दामाद के अन्य महिलाओं से भी अवैध संबंध थे
रास्ते में ही उन्हें नातिन ने बेटी के खुदकुशी करने की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक ने घर पर फोन कर घटना की सूचना दी। घर के लोग भी गम में डूब गए। पिता ने बताया कि मंगलवार को भी बेटी से झगड़ा किया गया था। उनका आरोप है दामाद के अन्य महिलाओं से भी अवैध संबंध थे।
घटना के वक्त अपने दफ्तर में थे ASP
DCP आशीष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, घटना के वक्त एएसपी अपने दफ्तर में थे। घर पर उनकी 12 साल की बेटी अनन्या और पत्नी नितेश मौजूद थीं। अनन्या शाम चार बजे कमरे से बाहर निकली तो मां को फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल पड़ी। अनन्या ने फौरन अपने पिता को घटना की जानकारी दी।
ASP की एक महिला से नजदीकियां
वहीं, नितेश के भाई प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया है कि एएसपी की एक महिला से नजदीकियां थीं। इसको लेकर आए दिन पति-पत्नी में विवाद होता था। पति की प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बहन ने जान दी है। पति से विवाद की वजह से ही नितेश सात माह से मायके में रह रही थी।
