कौन होगा यूपी का नया मुख्य सचिव? मनोज सिंह के एक्सटेंशन की संभावना कम, रेस में ये तीन अफसर

लखनऊ। उप्र के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। प्रदेश सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार देने के लिए केंद्र सरकार को करीब 15 दिन पहले पत्र भेजा था, लेकिन अब तक कुछ न होने से विस्तार मिलने की उम्मीद कम है। मनोज को सेवा विस्तार न मिलने पर नए मुख्य सचिव की रेस में तीन आईएएस अफसर हैं।
वरिष्ठता के हिसाब से वर्ष 1989 बैच के आईएएस अधिकारी एसपी गोयल सबसे आगे हैं। वह मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव हैं। अगर वो मुख्य सचिव बनते हैं तो उन्हें जनवरी 2027 तक का कार्यकाल मिलेगा।
इसके बाद वर्ष 1989 बैच के ही देवेश चतुर्वेदी का नंबर आता है, हालांकि वह इस समय केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति में हैं। देवेश अगले वर्ष फरवरी में रिटायर होंगे। ऐसे में उन्हें महज सात महीने का कार्यकाल मिलेगा।
इस पद की दौड़ में कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार भी हैं। वे वर्ष 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उनकी गिनती मुख्यमंत्री के भरोसेमंद अफसरों में होती है।
अगर वे मुख्य सचिव बनते हैं तो उन्हें 15 महीने का कार्यकाल मिलेगा। उनका रिटायरमेंट अक्टूबर 2026 में है। उल्लेखनीय है कि मनोज कुमार सिंह से पहले प्रदेश के मुख्य सचिव रहे दुर्गा शंकर मिश्र को सेवानिवृत के बाद ढाई वर्ष का सेवा विस्तार मिला था।
