गायत्री प्रजापति पर जेल में हमला, आरोपी पर FIR दर्ज
लखनऊ, 2 अक्टूबर 2025 : सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर बुधवार को जेल में हमला होने के बाद, जेल प्रशासन ने आरोपी बंदी विश्वास राजपूत के खिलाफ मारपीट की धाराओं में FIR दर्ज कराई।
लखनऊ परिक्षेत्र के डीआईजी जेल डॉ. रामधनी ने बुधवार को जिला जेल पहुंचकर चार घंटे तक घटना की छानबीन की। जांच में आरोपी बंदी, डॉक्टर, फार्मासिस्ट और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए गए। जेल अस्पताल के CCTV फुटेज की भी समीक्षा की गई और गायत्री को दिए गए इलाज से संबंधित दस्तावेज देखे गए। डीआईजी ने हमले में प्रयुक्त अलमारी की पतली लोहे की पटरी भी देखी।
आरोपी बंदी विश्वास राजपूत को हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट किया गया है। विश्वास को हत्या के मामले में 8 जुलाई 2022 को गिरफ्तार किया गया था और वह जेल अस्पताल के वार्ड नंबर चार में बंद था। जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि गायत्री प्रजापति पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उन्हें CT Scan और MRI जांच के लिए केजीएमयू भेजा गया था; रिपोर्ट सामान्य आई है।
डीआईजी जेल के अनुसार ,आरोपी बंदी ने गायत्री प्रजापति पर अल्पशब्द कहने पर आक्रोशित होकर वार किया। प्रारंभिक जांच में किसी साजिश का संकेत नहीं मिला है। विभागीय जांच जारी है।



