भाजपा नेता अपर्णा यादव की मां समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लखनऊ में एक बड़े मामले में भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई विजिलेंस की जांच में उनके दोषी पाए जाने के बाद की गई है। आरोप है कि प्रियदर्शिनी जानकीपुरम योजना में भूखंडों के आवंटन में बदलाव कर रजिस्ट्रेशन में गड़बड़ी की गई थी।
अंबी बिष्ट उस समय लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में संपत्ति अधिकारी थीं। जांच में पता चला है कि इन सभी पर जानकीपुरम की भूखंड योजना में अनियमितता का आरोप है। जब मामले की जांच शुरू हुई, तो उनके खिलाफ सबूत भी मिले हैं।
इस मामले में 23 नवंबर, 2016 को शासन ने भूखंडों के आवंटन में बदलाव और रजिस्ट्रेशन में अनियमितता की जांच का आदेश दिया था। इसमें तत्कालीन लखनऊ विकास प्राधिकरण के लिपिक मुक्तेश्वर नाथ ओझा की भूमिका भी जांच के दायरे में थी। जांच के दौरान और भी नाम सामने आए हैं।
पता चला है कि इस हेराफेरी में तत्कालीन संपत्ति अधिकारी अंबी बिष्ट के अलावा अनुभाग अधिकारी वीरेंद्र सिंह, उपसचिव देवेंद्र सिंह राठौर, वरिष्ठ कास्ट अकाउंटेंट एसवी महादाणे और अवर वर्ग सहायक शैलेंद्र कुमार गुप्ता भी शामिल थे। इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और योजना के नियमों का उल्लंघन किया, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा।
इस पूरे मामले के प्रकाश में आने के बाद एलडीए की पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।



