आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: अपर नगर मजिस्ट्रेट की मौत
लखनऊ :शुक्रवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में आगरा में तैनात अपर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार जायसवाल की मौत हो गई। उनका चालक, पंकज कुमार शर्मा, गंभीर रूप से घायल है। घायल चालक को सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अपर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार अपनी क्रेटा कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार 77वें किलोमीटर पर पहुंची, तभी यह हादसा हुआ। बताया गया है कि कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने राजेश कुमार जायसवाल को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे की जानकारी मिलने पर प्रभारी तहसीलदार संतोष राजौरिया और प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी अस्पताल पहुंच गए।
आगरा में इस दुखद खबर से हर कोई दुखी है। प्रशासनिक अधिकारी भी शोक में डूब गए हैं। आगरा से मैनपुरी के लिए अधिकारी भी रवाना हो चुके हैं।
बता दें कि राजेश कुमार जायसवाल पहले किरावली में तैनात थे और वर्तमान में कलेक्ट्रेट में अपर नगर मजिस्ट्रेट का पद संभाल रहे थे।



